Monday, 26 December 2022
जागा अरुणिम भोर प्रिये
Thursday, 22 December 2022
शब्द ब्रह्म
शब्द ब्रह्म
मैं शब्द हूँ
मैं उस अनन्त अक्षर से मण्डित हूँ
मैं अमर हूँ, मैं समर हूँ
मैं सुधा हूँ, मैं गरल हूँ
गूँज हूँ, अनुगूँज हूँ, स्पन्द हूँ
मैं वज्र भी हूँ, पुष्पों सा कोमल भी हूँ
नेपथ्य में बोये गए कुछ शब्द बीज
उगते, विकसते हैं जगत के रंगमंच पर
अपने अर्थ, भाव, संदेश और कथ्य ले कर
मेरी बिखरन होती है सतरंगी
रक्त सी लाल, सत्य सी श्वेत
निस्सीम व्योम सी नील,
पाण्डु सी पीत, राम-कृष्ण सी श्याम
वसन्त सी अभिराम,
लता सी हरित ललाम
जब जब मैं उतरता हूँ कोरे कागज पर
किसी के अन्तस से निकल कर
बाहर बिखरता हूँ साकार हो कर
बनाता हूँ चित्र, धँसता हूँ तुम्हारे भीतर
बैठ जाता हूँ शूल लेकर मन की कोंख में
चुभता हूँ, सालता हूँ कभी जीवन भर
लेप हूँ, मरहम हूँ, तसल्ली भी मैं ही तो हूँ।
मैं ओज का उद्घोष हूँ
शान्ति का दूत हूँ, स्मृतियों का महाकोष हूँ
प्रणय का गीत हूँ, प्रिय का मन मीत हूँ
पावन ऋचा हूँ, जीवन का उद्गीत हूँ
मैं नाद हूँ, मैं गीत हूँ, मैं प्रगीत हूँ
मैं माँ की ममता हूँ, पिता की गोद हूँ
आर्त की पुकार और वीरों में क्रोध हूँ
तुम्हारे मन में हूँ, आकाश में भी हूँ
चलता हूँ विद्युत की तरंगों पर
कभी हवा के परों पर बैठ कर
वहाँ सें यहाँ, यहाँ से वहाँ, जाने कहाँ कहाँ
मैं बीज हूँ
सृजन भी मैं, जीवन भी मैं, ध्वंस भी हूँ मैं
मैं ब्रह्म हूँ। शब्द ब्रह्म।।
रामनारायण सोनी
२०.१२.२२
Wednesday, 21 December 2022
प्राण की वंशी
तुम न आए! प्राण की वंशी अभी निष्प्राण है
साँझ सोई इस अलसती रात की मृदु गोद में
तारिकाएँ श्वेत गंगा की पलक से झाँकती है
नील सर के नील शतदल पत्र पर हैं राह तकते
मन्द बहती है पवन पर फिर भी लगता त्रासती है
प्यास अपने कण्ठ ले कर चिर वियोगन जागती है
तुम न आए! प्राण की वंशी अभी निष्प्राण है
झुरमटों से हैं महकते बाग, बन, उपवन मनोरम
श्वेत, रक्तिम, पीत पुष्पी लिग्गियाँ पथ में टँगी है
चुलबुले कलहंस सर में संग भ्रमरों की ये सरगम
कूकती कोयल किनारे मधुमास जैसे माँगती है
बिन तुम्हारे इस हृदय में शूल जैसी सालती है
तुम न आए! प्राण की वंशी अभी निष्प्राण है
रामनारायण सोनी
२०.१२.२२
Tuesday, 20 December 2022
भीतर झाँको जरा
भीतर झाँको जरा
तुम ही बताओ
क्या वो तुम ही हो?
जो कभी तुम थे।
या फिर तुम्हें लगता है
'मैं' जो लगता था कभी
'मैं' अब वैसा नहीं लगता
सुनो सुप्रिये!
रूहों की जात, औकात, रंग
कभी भी नहीं बदलता।
अपने भीतर पलट कर देख लो जरा।
क्या तुम वही नहीं हो?
रामनारायण सोनी
२७.०९.२२
भोर का तारा
मुक्तावली
Friday, 21 October 2022
स्वप्न से समाधि तक
Wednesday, 19 October 2022
दो पल की पहिचान
Sunday, 16 October 2022
एक महीन रिश्ता
एक रिश्ता जो आदत बन गया
एक आदत जो लत हो गई
एक लत जो छोड़े नहीं छूटती
रिश्ता जो मंजिल नहीं सफर था
सफर जो ख्वाहिशों की पगडण्डियों से गुजरा
पगडण्डी जो इस दिल से उस दिल को
महीन, मुलायम, पवित्र रिश्ते से जोड़ती है
रामनारायण सोनी
१७.१०.२२
Wednesday, 12 October 2022
सागर किनारे तुम्हें सौंपता हूँ
Sunday, 2 October 2022
पीर मेरी मधुबनी
इस हृदय की भित्तियों पर जो लिखे कड़वे कथानक
खोजता क्यों बावरा मन दंश की पीड़ा अचानक।
शुष्क अधरों पर निगोड़ी प्यास ही ठहरी हुई है
दौड़ते मृग शावकों को छल रहा मरु ज्यों भयानक।।
पीर है अभ्यर्थना प्रिय प्रीति की यह मधुबनी है।।
क्यों तिमिर के इस निलय में रोशनी को ढूँढते हो
रेत के पदचिन्ह गिन कर जिन्दगी को बूझते हो।
रिस रहे थे व्रण बिचारे क्या उन्हें तुम देख पाये
जान कर भी बेतुके ये प्रश्न तुम क्यों पूछते हो?
पीर है अभ्यर्थना प्रिय प्रीति की यह मधुबनी है।।
मर चुकी संवेदना अब ओस की कहती कहानी
उपवनों की गन्धवह थी यह पवन होती मसानी।
उम्र के माथे लिखी जो सिलवटें कहती जुबानी
क्रन्दनों के इस नगर में खोजते हो तुम रवानी।।
पीर है अभ्यर्थना प्रिय प्रीति की यह मधुबनी है।।
फिर कोई आ कर व्रणों पर खार सारा धर गया है
जो दबे थे तह तले फिर पल हथेली धर गया है।
रागिनी क्यों ढूँढते हो बाँस की इस पोंगरी में
सांझ का प्रहरी सितारा इस सुबह में मर गया है।।
पीर है अभ्यर्थना प्रिय प्रीति की यह मधुबनी है।।
मैं अकेला ही भला हूँ यह पीर मेरी संगिनी है
मैं रहा अनुचर उसी का वह मेरी जो स्वामिनी है।
पीर मीरा की प्रणय था पीर में नवजात सुख था
पीर है अभ्यर्थना प्रिय प्रीति की यह मधुबनी है।।
पीर है अभ्यर्थना प्रिय प्रीति की यह मधुबनी है।।
गीत पीड़ा के स्वयं ही गान अपने गा रहा है
उन सुरों की वेदना में सुख समझ सुख पा रहा है।
इस हृदय को रास आई पीर संग मेरी सगाई
भित्तियों के वे कथानक फिर हृदय दोहरा रहा है।।
पीर है अभ्यर्थना प्रिय प्रीति की यह मधुबनी है।।
रामनारायण सोनी
३.०९.२२
Saturday, 1 October 2022
संस्पर्श
Friday, 30 September 2022
तुम ही तो थी
Saturday, 24 September 2022
बटुआ
एक ऐयारी का !
जादुई बटुआ है मेरे पास
बहुत सारे पुड़ हैं उसमें
खोल कर दिखाता हूँ
एक तिलिस्म तुम्हें
रख रख्खे हैं इसमें मैंने
तरह तरह के पल
खूबसूरत पल, आनन्द के पल,
जिन्दगी के अलग अलग मोड़ के पल,
मिलन के बिछड़ने के पल।
कुछ पल ऐसे भी हैं
जिनका साया आज तक भी
पीछा नहीं छोड़ रहे
और वे जिन्दगी के सफेद कागजों
को ढँकने लगता है।
रामनारायण सोनी
२५.०९.२२
Thursday, 22 September 2022
दूधिया हो लें
दूर! बहुत दूर!
बहुत बहुत दूर हो तुम!!
लगता है चाँद के पास हो तुम!!
नहीं नहीं! तुम्हारे पास एक वो चाँद है
और एक तुम्हारा, यानी मेरा अपना भी
तुम से अमीर हूँ मैं, मेरी किस्मत है कि
दो दो चाँद है मेरे पास
अब रोशनी भी है और शबाब भी
सनम भी और माहताब भी
रुकोगी तुम तो रुक जाएँगे चाँद भी
यों ही रोके रहो रात को
चलो दूधिया हो लें हम
बहुत सारे थे, वे तारे, देखनहारे
चाँद ने उन्हें छुपा दिया है आकाश में
चलो कोई खूबसूरत सा गीत गा लें हम
ये रात, ये चाँदनी, ये दिलकश नज़ारा!
ये समा मिलेगा फिर न दोबारा!!!
रामनारायण सोनी
२२.०९.२२
Tuesday, 20 September 2022
सिलवटों के पार से
सिलवटों के पार से कुछ अनकही बातें सुनाऊँ
दर्द ने लिक्खे कसैले घाव आओ मैं दिखाऊँ
जिस लड़कपन को कभी काँधे बिठाया था
भूख खा कर खुद उसे माखन खिलाया था
खोल गठरी से व्यथा की यह कथा तुमको बताऊँ
सिलवटों के पार से कुछ अनकही बातें सुनाऊँ
सिलवटों के पार से कुछ अनकही बातें सुनाऊँ
इक सलोना स्वप्न हमने प्यार से ऐसा संजोया
देव पूजे, भात , धोक दे कर सिर नवाँया
तब कहीं जा कर हमारी गोद में शिशु एक पाया
सो सके वह नींद भर इसलिये खुद को जगाया
खर्च कर अपनी जवानी पालने बचपन झुलाया
उम्र की बीती कहानी आओ तुमको मैं सुनाऊँ
सिलवटों के पार से कुछ अनकही बातें सुनाऊँ
स्वप्न अपने रहन रख कर सब खुशी उसकी खरीदी
पाँव के छाले छुपा कर जूतियाँ ला कर उसे दी
था सजा आँगन हमारा गूँजती किलकारियों से
खर्च डाले जो जमा थे ढूँढ कर अल्मारियों से
हार थक कर लौटते थे दिन दिहाड़ी के कड़े थे
उस थकन की पीर को मैं अब तुम्हें कैसे बताऊँ
सिलवटों के पार से कुछ अनकही बातें सुनाऊँ
फिर समय नें बदल करवट तीव्र तेवर थे दिखाए
थे जिन्दगी की ओढ़नी में पेच टाटों के लगाए
वे उँगलियाँ, हाथ, माथा चूमते थे लाड़ से हम
हाय यह हत भाग्य कैसा हो गए कितने पराए
झुर्रियों से ढूँढ कर मुस्कान मुह पर कैसे लाएँ
छूटते दर और टूटते घर की कथा कैसे सुनाऊँ
सिलवटों के पार से कुछ अनकही बातें सुनाऊँ
देखता हूँ दृश्य, आश्रम द्वार पर नजरें गड़ी थी
कीमती उस कार से काय कृश उतरे खड़ी थी
जर्जराती जिल्द में हो कामायनी जैसे मढ़ी थी
जिन्दगी बस खार लेकर आँसुओं से वह झड़ी थी
तुम इसे सन्यास का बस नाम दे कर चुप रहोगे
उस हृदय की मर्मभेदी चीख मैं तुम को सुनाऊँ
सिलवटों के पार से कुछ अनकही बातें सुनाऊँ
रामनारायण सोनी
२०.०९.२२
तिनके सा मैं
सारस से पाँखी हम
बातों ही बातों में तुमने-
कितने ही पृष्ठ पलट डाले
चमक उठे वातायन
विविध रंग वाले
लिक्खी थी मधुर मधुर
वे शहदीली रातें
सारस से पंख खोलकर
उड़ने की बातें
यादों के अम्बर में
फगुनी टेसू क्या दहका है ?
मौसम का पोर पोर महका है
रामनारायण सोनी
२०.०९.२२
Monday, 19 September 2022
मेरा उपवन बुला रहा
ओ नभ के उड़ते पांखी
मेरा उपवन बुला रहा है
थोड़ा पंखों को दो विराम
मेरा उपवन बुला रहा है
तुम पहुँचोगे जगह जहाँ पे
प्यारा गाँव हुआ करता था
उसे शहर ने निगल लिया है
एक चौपाल हुआ करता था
ओ नभ के उड़ते पांखी
मेरा उपवन बुला रहा है
आम, नीम, बड, पीपल की
ठण्डी छाँव घनी रहती थी
उनके शव तक नही बचे है
अब सन्नाटा पसर रहा है
ओ नभ के उड़ते पांखी
मेरा उपवन बुला रहा है
सुखद नीड़ था जहाँ बनाया
तिनके तक अब नहीं मिलेंगे
वे मधुर गान तोता मैना के
सुनने को ना कहीं मिलेंगे
ओ नभ के उड़ते पांखी
मेरा उपवन बुला रहा है
ताल तलैया सूख चुके हैं
प्याऊ बस इतिहास हुई है
पथ में छाँव बिछाता बादल
तक भी आना छोड़ रहा है
ओ नभ के उड़ते पांखी
मेरा उपवन बुला रहा है
दूर देश के प्रिय प्रवासी
मीलों तुम उड़कर आए हो
मालव की माटी और पानी
अब कंकरीट वन उगा रहा है
ओ नभ के उड़ते पांखी
मेरा उपवन बुला रहा है
कोयल और पपीहे की तो
आवाजें सब बिदा हुई है
नगर गाँव में हवा प्रदूषित
बोतल में जल बिक रहा है
ओ नभ के उड़ते पांखी
मेरा उपवन बुला रहा है
रामनारायण सोनी
११.०८.२२
सेवा का हवन कुण्ड
सेवा का हो हवन कुण्ड और हम समिधा हो जाएँ
अगन बने फिर लगन हमारी सर्व समर्पित हो जाए।
तन-मन तप कर संकल्पों का मंगल सूत्र बँधाएँ
शुद्ध भाव की अरणी ले कर पावन ज्योति जगाएँ।।
इस समष्टि का हर कण कण सेवा में आहुतियाँ देता
नदियाँ बहती सूरज तपता पवन प्राण ले क्यों बहता।
सागर अपना पानी दे कर इस जग में जीवन धरता
अम्बर अपने महा उदर में सृष्टि अनेकों क्यों भरता।।
इनमें से कोई भी अपना मूल्य कर्म का नहीं माँगता
इस निर्बाध क्रिया में वह अपना नियम नहीं लाँघता।
ये सब सेवा का प्रकल्प ले आदिकाल से लगे हुए हैं
फिर भी रहते मौन सदा ये ना कोई उपदेश बाँटता।।
सेवा के इस महायज्ञ से महामारियाँ भी हारी हैं
मानवता की प्रतिरक्षा में सेवा ही सब से भारी है
हर सेवक नर में नारायण आ कर स्वयं उतरते हैं
इसीलिये कष्टों के पल में भी तो यह सेवा जारी है
आओ प्रिय इस महायज्ञ में आहुतियाँ अपनी डालें
हो वेद ऋचाओं का उच्चारण तब हम हाथ स्रुवा लें।
अपनी धरा गगन अपना है मन में सेवा दीप जला लें
पीड़ित मानवता की सेवा में तन मन प्राण लगा लें।।
रामनारायण सोनी
१९.०९.२२
शूल और फूल
बहुत प्रयास किये तुम ने भी मैंने भी
न यादें मिटी, न पीछे छूटी रेखाएँ
न वे पल, न ही वे वाकिये
आँगन के बिरवे की टहनियों से झड़ते रहे
बहारें, फूल पत्तियाँ और खुशबू
पर उन गुदाज़ यादों के शूल
चख लेते हैं लहू के स्वाद को
कितना सुकून है इस दर्द और चुभन में
मैं उतना ही प्यार करता हूँ
इन निर्मम शूलों से
जितना करता रहा हूँ
फूलों से, पत्तों से, पंखुड़ियों से
रामनारायण सोनी
१७.०९ .२२
महसूस किया बस तूने
सुनना एक बात है
समझना एक और बात है
पर महसूस करना
सब से अलग और सबसे खास बात है
मुझे सुना भी है, समझा भी है
जमाने भर के लोगों ने
सिर्फ वो है जो महसूस करता है मुझे
रामनारायण सोनी
०९.०९.२२
Saturday, 17 September 2022
सृष्टि है यह ईशमय
नदिया बहती है क्यों
बहती हुई जीवन की यह नदी !
बहना उसका अकेला नहीं है
हरेक पल बहता है !
जल कण की तरह
रास्ते का हर घाट !
भाग्य ले कर खड़ा है..
तमाम स्वार्थ की कश्तियाँ खड़ी हैं
लंगर डाले इस नदी की छाती पर
अपने लिये जल है जीवन इस का
दुनिया के लिये जीवन है जल इस का
बहना है कर्म इसका
बहते रहना ही है धर्म इसका
उद्भव से अवसान तक
रामनारायण सोनी
१७.०९.२२
ज़िंदगी ज़िंदगी
जिन्दगी सिर्फ साढ़े तीन हर्फों की है
कब से लिखे जा रहा हूँ इस को
जिसको ज यानी जन्म से शुरू किया था
बचपन इस में इ की मात्रा लगाने में
याने इल्म पाने में खर्च हो गई
कई अच्छे मकाम जो थे रास्ते में
कुछ बरस इसके माथे बिंदी चढ़ाने में गुजरे
और मैं देख ता ही रह गया
जिदगी की दौड़ती रेल गाड़ी में बैठा रहा मैं
बाहर गाँव, नगर, नदी, पहाड़ और
द-से शुरू होने वाली यह दुनिया
सब के सब दौड़ते दिखाई दिये
ग से गुजरते गए कई मोड़
और जुड़ते गए कई जोड़
हॉफती रही यह फिर भी दौड़ती ही गई
द्वन्द्वों के बीच कौंधती रही कहीं कहीं
हास्य की निसर्ग रेखाएँ
तमस भरे बादलों में बिजलियों की तरह
भाग्य के परिताप से पीछे रह गए
वे रिश्ते, वे लोग, वे राहें, वे पगडण्डियाँ
जानती है जिन्दगी की नदी कि
पास ही कहीं है समुन्दर का वो मुहाना
जिसे छोर कह लो, मृत्यु कह लो
चिर विछोह कह लो
संज्ञा और नाम इस के कई है
हर वर्तमान के काल के भाल पर
अतीत की मुहर जरूर लगती है
जिंदगी प्रमेय नहीं हो सकती
इसमें दो और दो हमेशा चार नहीं होते...
रामनारायण सोनी
१७.०९.२२
शूल और फूल
बहुत प्रयास किये तुम ने भी मैंने भी
न यादें मिटी, न पीछे छूटी रेखाएँ
न वे पल, न ही वे वाकिये
आँगन के बिरवे की टहनियों से झड़ते रहे
बहारें, फूल पत्तियाँ और खुशबू
पर उन गुदाज़ यादों के शूल
चख लेते हैं लहू के स्वाद को
कितना सुकून है इस दर्द और चुभन में
मैं उतना ही प्यार करता हूँ
इन निर्मम शूलों से
जितना करता रहा हूँ
फूलों से, पत्तों से, पंखुड़ियों से
रामनारायण सोनी
१७.०९ .२२
Tuesday, 13 September 2022
परिपूर्ण ब्रह्म
Monday, 12 September 2022
मृदुल स्पर्श
कितना फर्क है इन में
Tuesday, 6 September 2022
आँसू डाकिया भी है
यमुना एक खोई नदी गंगा में
Sunday, 4 September 2022
खुदी में खुद की तलाश
Friday, 2 September 2022
आओ सभी आईना पहन लें
खामोश चिट्ठी
तुम्हारे नाम से शुरू मेरे नाम से खत्म मेरी चिट्ठी
इस बीच कोई लिखा हाल न खबर ये मेरी चिट्ठी
हर बार फिर भी तुमने सिद्दत से पढ़ी मेरी चिट्ठी
मेरे दिल से तेरे दिल का नाजुक जोड़ मेरी चिट्ठी
हो गया होगा महसूस उन लफ़्जों और जुबान का
जो बयान करती है जो खामोशियाँ मेरी चिट्ठी
इन्हीं खामोशियों ने फिर गज़ल गाई नज़्म गाई
बिना बोले भी कितना बोलती है ये मेरी चिट्ठी
रामनारायण सोनी
२.०९.२२
Tuesday, 30 August 2022
गर मैं पागल होता
गर मैं पागल होता
गर मैं पागल होता तो
बस तू होता और मैं होता
प्याले पर नाम तेरा होता
तो विष भी वह अमृत होता
आँसू धार बही सब खातिर
पर एक बूँद तुझे चढ़ जाती
मेरे अगले पिछले सारे
जनम जनम के अघ धो जाती
गर मैं पागल होता तो
बस तू होता और मैं होता।।
लौटा दे वह भोला बचपन
जब तू संग रमा करता था
तुतलाती लटपट बानी तू
जो हर बार सुना करता था
मुझे जिताने खातिर नटखट
खुद तू हार लिया करता था
रोता था मैं जब जब गिर कर
बढ तू थाम लिया करता था
गर मैं पागल होता तो
बस तू होता और मैं होता।।
मैंने कभी नहीं माँगा कुछ
सब देता है, तेरी मर्जी
चाहे दे इस हाथ अभी ये
फिर लौटा ले, तेरी मर्जी
जनम मरण है हाथ तुम्हारे
यह जीवन भी, तेरी मर्जी
बाहर भीतर तू ही तू है
इतना सा गर समझा होता
गर मैं पागल होता तो
बस तू होता और मैं होता।।
जर्जर मेरी नाव हुई है
तट भी छूट गये हैं सारे
धार तेज है भँवर बड़े हैं
तन भी मन भी दोनों हारे
बिन पतवार बही जाती है
मेरा भरोसा है कि तुम ही
मातु पिता या बन्धु बनोगे
भव से तारोगे बस तुम ही
गर मैं पागल होता तो
बस तू होता और मैं होता।।
रामनारायण सोनी
२८.०८.२२
Saturday, 27 August 2022
छाया कैसी कैसी
तुम चलो ! छाया चलती है
तुम रुको! छाया रुकती है
पर विज्ञान ने इसे मोडीफाय कर दिया
जब तुम चले, जब तुम रुके
जस का तस लेन्स के उस पार
अंकित कर के रख लिया
अब छाया बोलती है, चलती है
नाचती है , गाती है,
हँसाती, रुलाती है, गुदगुदाती है
कभी कागज पर छप कर
कभी पर्दे पर उतर कर
कभी मोनीटर के स्क्रीन पर
छाया अब प्रतिच्छाया नहीं रही
रामनारायण सोनी
२४.०८.२२
साहिल पर क्यों बैठे हो
सुना है! थी तो वह बेजान लाश
जो चार सौ किलोमीटर तक तैर गई
बिना किसी साँस के, बिना किसी नाव के
बिना किसी साथ के, बिना किसी ताव के
तुम हो कि साहिल पर डरे डरे से
खड़े हो भारी भरकम लंगर डाल के
साहिल पर लगी नाव ले कर
पर लाशें उतर गई उफनते दरिया में
क्योंकि लाशें डरती नहीं
मौत से, आँधियों से, भवरों से
पानी में मगरों से और भीमकाय अजगरों से
अपनों से, परायों से, दोपायों से, चौपायों से
तीरों और तलवारों से
कह रही है वह कहानी, अपनी ही जुबानी
जिन्दगी को हार कर भी मैं
मीलों तक चलती ही रही
मेरी व्यथा में रोने वालों तक से नहीं कही
जल कर हो जाऊँ, मिल जाऊँ भले खाक में
पर साहस की, शौर्य की
एक कहानी अपने नाम जरूर लिख जाऊँगी
रामनारायण सोनी
२६ .०८.२२
ऐ विराट नभ!
ऐ!नभ ऐ! विराट
नभ विशाल! ऐ नभ विराट
तेरी गाथा है अमित अपार
तुझ में बसते है सूर्य चाँद
क्या नाप सका कोई प्रसार
तू हर खाली घट में रहता
तुझ में ही तो सारे घट हैं
धरती मानव जीव जन्तु की
जीवन सरिता का पनघट है
अम्बर तुम इतने विराट
क्षीर समुद्र कहाते हो तुम
ग्रह नक्षत्र तारिकाओं के
आश्रय दाता हो केवल तुम
तुम असीम तुम महाशून्य
तुम पंच तत्व में भी प्रधान
सृष्टि उदर में बसी तुम्हारे
है इसीलिये महिमा महान
नारायण तुझ क्षीर सिन्धु में
शैया शेष लिये बसते हैं
सप्त लोक और भुवन भी
तेरे आश्रय में रहते हैं
तुम में बादल और पखेरू
हैं आजाद विचरते रहते
पवन प्राण और गन्ध लिये
तुम में ही नित बहते रहते
गरिमा लघिमा और महिमा
इन शक्ति के तुम हो धर्ता
बिन तेरी इस महिमा के यह
सृष्टि सृजन ना सम्भव होता
रामनारायण सोनी
२८.०८. २२
गगन तुम्हारे अमित रूप
गगन तुम्हारे अमित रूप
गगन तुम्हारे अमित रूप, पर हर रूप निराला है
दिन में कितना उजला है, और रजनी में काला है।
सघन घनों को धरते हो तो, श्यामल तुम हो जाते हो
स्वच्छ सलोने हो कर तुम, नील गगन कहलाते हो।
गगन तुम्हारे अमित रूप, पर हर रूप निराला है।।
प्राची में जब अरुणिम ऊषा, सूरज ले कर आता है
वह कनक थाल तब तब, कुंकुम रोली बिखराता है।
कभी टाँक लेते हो तन में, तारक हीरे माणक मोती
कभी चाँदनी घोल धरा को, पहनाते दुधिया धोती।
गगन तुम्हारे अमित रूप, पर हर रूप निराला है।।
बने क्षितिज पे नील कटोरा, तान रहे हो तुम वितान
इसमें जग ने हर दिन देखे, नित नूतन नव-नव विहान।
कभी चंदोवा तनता नभ में रजत थाल सज जाती है
अमृत की गागर फिर भर कर धरा धाम नहलाती है।
गगन तुम्हारे अमित रूप, पर हर रूप निराला है।।
रामनारायण सोनी
२७.०८.२२
Thursday, 25 August 2022
कहानी लिख जाऊँगी
सुना है! थी तो वह बेजान लाश
जो चार सौ किलोमीटर तक तैर गई
बिना किसी साँस के, बिना किसी नाव के
बिना किसी साथ के, बिना किसी ताव के
तुम हो कि साहिल पर डरे डरे से
खड़े हो भारी भरकम लंगर डाल के
साहिल पर लगी नाव ले कर
पर लाशें उतर गई उफनते दरिया में
क्योंकि लाशें डरती नहीं
मौत से, आँधियों से, भवरों से
पानी में मगरों से और भीमकाय अजगरों से
अपनों से, परायों से, दोपायों से, चौपायों से
तीरों और तलवारों से
कह रही है वह कहानी, अपनी ही जुबानी
जिन्दगी को हार कर भी मैं
मीलों तक चलती ही रही
मेरी व्यथा में रोने वालों तक से नहीं कही
जल कर हो जाऊँ, मिल जाऊँ भले खाक में
पर साहस की, शौर्य की
एक कहानी अपने नाम जरूर लिख जाऊँगी
रामनारायण सोनी
२६ .०८.२२
बारिश की बूँदें
अब क्या लिखूँ मै
Wednesday, 24 August 2022
कैसी ये खुशफहमियाँ
Tuesday, 23 August 2022
मुझे मैं क्यूँ पसन्द हूँ
ड्राफ्ट
Thursday, 18 August 2022
चन्द अशआर
चन्द अशआर
जो था मैं कभी अब वो रहा मैं नहीं
जो हूँ आज वो किसी को पता नहीं
मुझसे नाराज हो के फिर तुम
खुद से ही खफ़ा होते हो क्यूँ?
ये माना कि इश्क में बंदिशें बहुत है
बन्दगी है इश्क इतना ये समझा हूँ मैं
इश्क दरिया है, इश्क राह जीने की
इश्क इबादत है इतना ही समझा हूँ मैं
जो बाजार में दिन भर ताले बेचते हैं
दुकानें उनकी भी कभी लुट जाती है।
बिसात पर तो खेल कई देखे हमने
बिन खेले भी बाजियाँ जीती जाती है
जो उनकी आँखों में बयां होते है
वो लफ्ज किताबों में कहाँ होते हैं।
ये गाती हैं गीत गज़लें और नज़्मे
जरा देख ! यहाँ कितने जहां होते हैं
रख लो आईने हजारों हज़ार लेकिन
हकीकत से नजरें मिलानी ही पड़ती है
जवाब फल से दिया जाता है पत्थर का
एक पेड़ होना भी बड़ा इम्तिहान है
वो खुद आईना धोता फिर रहा है
उसे अपने चेहरे पे शक हो रहा है
ये कैसा मलाल है उसकी समझ में
चिराग बुझा के अँधेरों से लड़ रहा है
सूरज का डूबना तय था और चाँद का सँवरना भी
शिद्दत से हो रहा था जिन्दगी का गुजरना भी.....
ये जिन्दगी तमन्नाओं का गुलदस्ता ही तो है
कुछ मुरझाती है तो कुछ चुभ जाती है।
रात की बात न कर वहाँ रोशन माहताब होता है
हर सक्ष अपनी हदों में खुद लाजवाब होता है
न मीरा की पीर हूँ, ना ही मैं कोई कबीर हूँ
फख्त शब्दों से इश्क है, ऐसा इक फ़कीर हूँ
मोहब्बत कोई धूल भी नहीं कि हवा में उड़ा दूँ
इश्क कोई जंग भी तो नहीं कि पत्थर से लड़ा दूँ
रात बहुत काली है, जालिम है, कैसे मैं ये भुला दूँ?
राह तेरी रोशन हो, आ मैं दिया दिल का जला दूँ
तुमने शायद मान लिया है अब ये पूरी तरह
कि साँसों का चलते जाना जिन्दगी है मेरी
अहसास, जज़्बात रख के भूल गए हो कहीं
मेरा इश्क सरहदों पार भी एक बन्दगी है मेरी
मेरी मुफलिसी अब हद को पार कर गई
जितनी भी पास थी मोहब्बत, खर्च हो गई
मेरी साँसे कुछ बेसुरी सी हो गई है सुनो तो ज़रा
मेरी धड़कने उधड़ सी गई हैं फिर बुनो तो जरा
बस्तियाँ, कारवाँ, वो लवाजमें कहीं गुम हो गए
जब से गए तुम, गुम हो गए हैं हम सुनो तो ज़रा
एक तुम ही तो थे जिसे बताता था मै राज-ए- दिल
अब न लोग सुनते हैं न ही मगरूर खामोशियाँ ही
तुम्हारे हिस्से का वह वक्त मैं अब भी खाली रखता हूँ
और सोने के पहले ही वे हसीं यादें सिरहाने रखता हूँ
इन्तज़ार में एक जिन्दगी कम पड़ जाएगी, मालूम ना था
वरना दो जिन्दगियाँ रब से माँग लेते, इसी जिन्दगी में
तुझे पता नही है, जिस्म से इश्क बड़ा होता है
न जलता है न गलता है न ही ये फ़ना होता है
इश्क जिन्दगी की रोशनी भी है ताजगी भी
ओढ़ लिहाफ जो इश्क के धागो से बुना होता है
थक जाती हैं आवाज और लफ़्ज भी थक जाते हैं
ढूँढते ढूँढते ।
अकेली एक अदद खामोशी ढूँढ लाती है कहीं से भी तुम्हे।।
उन लम्हों के उस शबनमी आब के क्या कहने
महसूस करता हूँ उसका कुदरती नूर अब भी
उन लम्हों में जो खुशबू थी न, वो तुम्हारी ही थी
कमबख्त महकते हैं उसी तरह याद में अब भी
गुजर जाती है हर रात वो उदासी लेकर तनहा तनहा
फिर उस दिन तो हम भी हुए थे यूँ ही तनहा तनहा
दिल से कहीं दूर निकल आए हैं हम यूँ ही तनहा तनहा
गुजरी हुई बारिश में हो जैसे एक बूँद तनहा तनहा
लिखा नहीं जा सकता उसे, जिसे महसूस किया
पढ़ा नही जा सका उसे, जिसे महसूस किया
पढ़ना लिखना तो सिर्फ कलम की घिसावट है
दिलों की जुबान वही समझे जिसे बस महसूस किया
चीजों और रिश्तों का फर्क समझना होगा
आसमां में घर नहीं होते जमीं पे उतरना होगा।
रोशनी उधार की लम्बी नही चल सकती है
अपने ही दिये से घर में उजाला करना होगा।।
हाँ आज तलक घर पे घर बदले हैं कई मैंने
पर बदला नही है ये तेरा दर मैंने कभी भी
तू जानता है ये कि यह घर-दर और ये दुनिया
बदलूँगा जब, तू भी न जान सकेगा कभी भी
मैं मिट्टी हूँ मिट्टी कहानी मेरी
कल भी यही थी कल भी रहूँगी
घड़ा हूँ, चिलम हूँ या सकोरा रहूँ
आखिर में फिर भी मैं मिट्टी रहूँगी
वक्त ने एक दिन कान में यह बुदबुदाया
ये चपल पल जो भी है अभी हाथ में मेरे I
कल मैं तुझे यह फिर ना लौटा सकूँगा
इसलिए चल हमकदम बन कर साथ मेरे।।
फानूस सी मेरी इस छत में टँगी है आशाएँ
सोने की जुगत करता हूँ तो शोर मचाती है।
फिक्रों की किताब सिरहाने रख कर मेरे
जिन्दगी एक खामोशी दे कर चली जाती है।।
रिश्तों को थोड़ा वक्त चाहिये निगाहों को फक्त तू चाहिये
रात की माँग में हैं सितारे बहुत मुझे रोशनी की किरन चाहिये।
है मय के पियाले निराले बहुत मुझे बस तुम्हारी नजर चाहिये
है बस्ती में लाखों नगीने भरे नहीं ये मुझे फक्त तू चाहिये।।
मैं अमीर था शहर में कई रईसों की तरह
एक दिन आई तकदीर कोई सक्ष लेकर।
मेरे हिस्से में था जो मेरे दिल का कवंल
चुरा लिया है मुझसे मेरा वो ही दगा देकर।।
जिन्दगी की अजब चाल कभी सबक एक देती है।
पूरी कायनात दे कर भी उस एक को छीन लेती है।।
रामनारायण सोनी
१.०८.२०२२
आरजू, इम्तिहान, मिन्नतें, मुश्किलें वो रास्ते हैं पगडण्डियाँ हैं।
चलते रहो, चलते रहो तकदीर से शायद कहीं वो मिल जाए।।
वो चाहत भी कोई चाहत है ? जो कहीं मोम सी पिघल जाए।
वो इश्क ही क्या जो फौलाद की बर्छियों से भी कट जाए।। '
सारा खार नमी में घुल कर नयनों से बह गया है।
क्या कहूँ, तेरी याद का हर पल मीठा हो गया है।।
अब मैं यही कहूँगा कि तेरी यादें बहुत मीठी है।।
मैं बहुत बोलता रहता हूँ यूँ ही वक्त बेवक्त तुमसे।
शायद सुनोगे फ़क्त मेरी आखरी खामोशी के बाद।
बावरा मन देखता है कई सपने
जो बने ही है टूटने के लिए
यूँ तो नजर का काम ही है देखना और देखते रहना
मगर एक उसे क्या देखा फिर तो उसी उसी को देखा
हर मुलाकात का अंजाम बिछड़ना ही होगा
जलेगा दीप कब तक, अंजाम अंधेरा ही होगा
माना कि एक दरिया बने और खूब बहे हो तुम
पर इक दिन चल के समुन्दर में ही गिरना होगा
मिरी दिल की जमी पर तुम क्या उगे
सारा जीवन सुहाना चमन हो गया
तुम्हें अब कुछ भी कहना शिकायत सा लगता है
हमें चुपचाप अपने अंदर ही रहना अच्छा लगता है
जमाना और अपने ही कहे जाने वाले ये सब लोग
जख्म देते हैं तेरे नाम से, ये दर्द मुझे अच्छा लगता है
जिन्दगी हारी हमने उम्र भर के इन्तेजार में
किया गुम खुद को तुम्हें अब तक ना पाया है
बड़ा अचरज दिखा हमको हमारे इस सफर मे
नही है पास वो फिर भी रगों में क्यूँ समाया है
इन आँखों की दहलीज पर अभी आँसू ठहरे हैं
पलकों के किनारों पे काजल के सख्त पहरे हैं
रिसते रहे इस रात में पुरजोर दिल के अंदर से
एक सागर है बसा सीने में इनसे ही तो उभरे हैं
रामनारायण सोनी
🌹🌹🌹🌹💐🌹💐
मैंने लिखना छोड़ा तुझको,
पर तुम्हें भजना छोड दिया क्या ?
कब लडूँगा आखिर खुद से खुदी में,
मैं इस जंग में अपनी हार को
मुकम्मल तुम्हारी जीत महसूस करता हूँ
तुम्हारी दुआओं का असर
था जब तक उन दवाओं में
वे हजार गुना काम करती थी,
वे तो अब निरे चूने की टिकिया हो गई है
शहर छूटा, घर छूटा, छूटे पीछे यहाँ वहाँ कई लोग
न छूटी छबियाँ, पल, नजर में उस नजर का संजोग
मैंने कभी माँगा ही नहीं, रब ने दिया उसकी मर्जी
इस हाथ दिया उस हाथ लिया, जो किया उसकी मर्जी
आज मैं हूँ; मेरे सब हैं, कल हो न हो उसकी मर्जी
खाली हाथ आये फिर खाली हाथ चले उसकी मर्जी
किसी की मंजिल खोई होगी पर हमारे रास्ते ही खो गए हैं
कश्ती किनारे से कुछ ही दूर थी हम बे पतवार हो गए हैं
सदियाँ हम से ले लो खुशी खुशी कुरबान कर देंगे हम
सिर्फ कुछ लमहे ले के उनसे हम कितने कर्जदार हो गए हैं
एक बड़ी भीड़ से हमने भी जीत कर बता दिया
आखिर में हम हारे भी तो सिर्फ़ उस एक से हारे
समझ नहीं पाये हम कि क्या उसे फिकर नहीं
या कि उसके दिलो में बाकी मेरा जिकर नहीं
जागती खामोशियों में उफनती यादों के बीच
पलकों का इस तरह भींग जाना ही बदा था
जलजलों की शक्ल में कुछ इस तरह बिफरा
दिल का सैलाब था बाँध में सब्र के ये बँधा था
ये बेनाम रिश्ते हैं न देखों इन्हें हदों में बाँध कर
बने प्यार के हैं ये रिश्ते इन रिश्तों से प्यार कर
हसीं हमसफर देखे होंगे कई
बरसों चले साथ हमको देखा नहीं
आँखों के आँसू बहुत देखे होंगे
ये दिल कितना रोया है देखा नहीं
मैं एक लम्बे अर्से से एक जहान की तलाश में हूँ
जहाँ तुम रहो, हाँ सिर्फ तुम रहो और सिर्फ मैं रहूँ
तुमने उतर कर कई बार देख लिया है मेरे दिल में
होंगे कई वहाँ पर खास एक जगा है तुम्हारी दिल में
वे छोटी छोटी बाते गर हुई न होती मेरी जिन्दगी में
तो फिर ये बड़ी बात कभी हो नहीं पाती बन्दगी में
देखे हैं तूने खूबसूरत फूल चमन में कई किसम केछाले भरे, मिट्टी सने देखे न हाथ कभी बागबां के
बूँदे जो बिछड़ी थी समन्दर से ये तो सफर का आगाज है
उठना, चलना, गिरना फिर उसी ओर बहना खूबसूरत अन्दाज़ है
🌹🥀🔥🥀🌹🥀🔥
देखे हैं तूने खूबसूरत फूल चमन में कई किसम के
छाले भरे, मिट्टी सने देखे हैं हाथ कभी बागबां के?
सतहों को देख कर गहराई न जान पाओगे
हर डूबने वाली लाश सतहों पर ही तैरती है
खो दिया खुद को तुझी में पा सकूँगा ना अब कभी
ये इश्क है कि इबादत है समझ सका न तब न अभी
किसे याद रखूँ किसे भूल जाऊँ कुछ भी सूझता नहीं।
आखिर होता यही है कि जिसे भूलना चाहूँ उसे भूलता नहीं।।
हदों में रह कर, बँधे से रह कर प्यार कभी हो नहीं सकता।
प्यार करना गलत नहीं पर गलती से प्यार हो नहीं सकता।।
बदल सका है कौन कभी इस आज को कल में
फिर आज को खो कर क्यों डूब रहे हम कल में।
जो बीत ही गया उसे दबा रहने दो उसी कल में
होगा कल कैसा हमारा ये तुम सोचना कल में।।
बेकार कोशिश करता रहा तेरी कहानी का किरदार बनने की।
मैं खुद अब अपनी अधूरी कहानी लिये घूमता हूँ गली गली।।
पुरानी सी किताब से मिली है एक कागज़ की वो कश्ती।
लिपटी मिली हैं उसमें ढेरों किलकारियाँ, मौज और मस्ती।।
क्यों उदास हूँ मैं ?
क्यों उदास हूँ मैं
बड़ी अजीब सी बात है
मैं इसलिये उदास हूँ कि!
बहुत दिनों से मुझसे कोई लड़ा नहीं
मेरे कानों ने बहुत दिनों से
'तुम पागल हो!' सुना नहीं
एक अर्से से इन सूखी आँखों से
खारा पानी बहा नहीं
चाय के इस एक प्याले से
चाय पी नहीं साइड बदल कर
मैं उदास हूँ कि !
वे खिड़कियाँ अब बात नहीं करती
मन्दिर की वे सीढ़ियाँ मुझ से पूछती हैं
कि तुम अकले ही क्यों आये हो?
छतों पर कबूतरों की सी
गुटरगूँ अब सुनाई नहीं देती
मैं उदास हूँ कि!
इस किनारे की नाव
जब से गई है उस पार
वह कभी लौटी ही नहीं
आँगन का पीपल अपने पत्तों की
पीटता रहता था तालियाँ
तुम्हारी खिलखिलाहट देख कर
बरस भर अब पतझड़ रहता है उस पर
मैं उदास हूँ कि!
कूकती कोयल के सुर
भेद जाते है मन, प्राण, हृदय को!
अनमनी मुंडेर पर
नहीं सुनी काँव काँव अर्से से
बूढ़े बरगद की झूलती जड़ों पर
अब भी चिपके हैं वे
हाथों के वे मृदुल स्पर्श तुम्हारे
रक्तकण्ठी हरे कच सुग्गे दोहराते हैं
पुकारे गए हमारे तुम्हारे नामों, सम्बोधनों को
क्या यादों के तुम्हारे उस नीड़ में
उन पलों के पंछी कभी लौट कर नहीं आते?
रामनारायण सोनी
१७.०८.२२
Tuesday, 16 August 2022
किसे ढूँढता है यह सक्ष
😳 किसे ढूँढता है यह सक्ष 😢
बिल्लोरी काँच की ऐनक के
पीछे से एक जोड़ी नम आँखें
धुन्दियाती, चुन्धियाती आँखें
नीले विस्तीर्ण अम्बर पर छितरे
श्वेत श्याम बादलों में गड़ जाती है
सहसा उभरता है बेटे का बचपन
खिलखिलाता रेशमी एहसास सा
तभी वक्त की बहकी हवाएँ चली
बादल बिखर गए गल गल कर
टूटी तन्द्रा, पसर गई नीरवता
जिन्दगी तार-तार, निराधार
शून्य ही शून्य चहुँ ओर
खाली आसमान अनन्त अपार
कितना खाली खाली संसार
बचपन जो उसकी गोद खेला
अपनी काँपती उंगलियोँ में अब
उस बेटे की छुअन को ढूँढता है
उम्र से झुके इन काँधों पर
बैठे मचलते उस बचपन के
महसूस करता है भार को
तब ये काँधे जवान थे
हाथों में भी कर्म के संधान थे
अब अहसास का बोझ भी असह्य है
शिराएँ मन्द हैं, धमनियाँ निष्पन्द हैं
इधर तन गला गला, मन बुझा बुझा
बातें सिर्फ फजाएँ ही सुनती है
आशाएँ अपने हाथों सिर धुनती हैं
फिर भी आशीष को उठे हाथ
दिशाओं में फैल जाते हैं
खाली आसमान अनन्त अपार
कितना खाली खाली संसार
किस कदर ये पीढ़ियाँ बदल गई
संस्कृति पूरी की पूरी निगल गई
संवेदनाएँ श्मसान में और
श्मसान चौराहे पर खड़ा है
विश्व-गुरू की आकाँक्षा, आदर्श लिए
राष्ट्र कितना बेसुध पड़ा है
अतीत की पोटली से सोनचिरैया
चीख चीख दुनिया को दिखाते हैं
स्वर्ण कूड़े के बदले बिक चुका है
चिरैया बेजान खिलौना हो चुका है।
जानती नहीं पीढ़ियों की ये भेड़ें
एक दिन इसी गर्त में वे ही गिरनी है।
खाली आसमान अनन्त अपार
कितना खाली खाली संसार
रामनारायण सोनी
Saturday, 13 August 2022
कौन दस्तक दे रहा है।
Thursday, 11 August 2022
बस कुछ बूँद चाहिये
सुचिते!
माना कि तुम समुन्दर !
मैं बस कुछ बूँद माँगता हूँ!!
सुनयने!
थोड़ा सा वक्त चाहिये
मेरी उन बातों को सुनने को
जो मेरी पीड़ाएँ कहना चाहती है
प्रिये!
मेरे दिल में, ख्यालों में रहना केवल तुम
जब भी मैं होऊँ परेशान
तुम्हारे काँधे पर रख सकूँ सर अपना
जब भी मैं दुनिया के गमों से घिर जाऊँ..
सुस्मिते !
चाहता हूँ कायम रहो.
मेरी आस में, अहसास में, विश्वास !
कि जैसे साथ हो तुम मेरे
फूलों में खुशबू की तरह
रामनारायण सोनी
१२.०८.२२
मेरा उपवन बुला रहा है
Tuesday, 9 August 2022
तुम्हारी और उनकी पसन्द
Sunday, 7 August 2022
अशआर २
Sunday, 31 July 2022
कुछ घड़ी में जीवन जी लें
कुछ घड़ी में जीवन जी लें
क्या कहूँ
कुछ कहा नहीं जाता
शब्द सब दबे पड़ें हैं
भावों के भार तले
ओठ थिरक नहीं पाये
वहीं के वहीं जरा से हिले
भाव भंगिमाएँ भागती दौड़ती रहीं
पलकों के शतदल पर
ठहरे हैं नयन अधखुले
रुके-रुके, झुके-झुके, वहीं टिके
श्वास भी-प्रश्वास भी, धड़कने रुकी रुकी
ठगे ठगे से सब, बिना हिले डुले
और जब तुम मिले !!!
हुआ है कुछ और भी यहाँ
बज उठा है एक वाद्यवृन्द
सितार, जलतरंग,
सरोद, पखावज, मृदंग
मन के मदमस्त मेरे रंगमहल में
संगत में इनके ये आ मिले
प्रतीक्षा में थे ये तुम्हारी ही
हृदय की उमगती वीथियों में
आओ! कुछ घड़ी में
"एक पूरा जीवन जी लें"!!!
रामनारायण सोनी
०१.०८.२०२२
Wednesday, 27 July 2022
तावीज में पल
जानते होगे शायद अब भी तुम
मिले थे जब अचानक हम!
उतार कर रख ली थी
अपनी अपनी घडियाँ जेबों में
रोकने के लिये सरपट दौड़ते वक्त को
पर रुका नहीं वह
तब जो लगा था वह
हमें फिर नहीं लगा कभी भी
गुजर गई थी सदियाँ
उस एक ही पल में
जिये थे हम उस एक पल में
एक पूरी की पूरी जिन्दगी!
... तुम्हें याद हो के न याद हो!
उम्र के अपने तावीज में,
गले में बाँध कर घूमता हूँ मैं
यकबयक चूमता रहता हूँ इसे
जैसे कि यहीं हो तुम
रामनारायण सोनी
२६.०७.२२
Thursday, 21 July 2022
दीप जलता रहा
Sunday, 17 July 2022
जिद कर बैठा हूँ
Wednesday, 13 July 2022
चन्द अशआर
Friday, 8 July 2022
रोशनी में अंधेरों का सैलाब
Sunday, 3 July 2022
तुम आज भी याद आते हो (नज़्म)
Wednesday, 22 June 2022
बावरा मन
अनगढ़ यह नगीना
Friday, 3 June 2022
झरना
झरना झरझराता है
चाहे जितना बिखर जाए पानी उसका
बिखर बिखर धुआँ धुआँ हो जाए भले ही
परन्तु झरना जो एक मौज है
झरना जो एक उल्लास है
झरते ही जाना है इसे,
झरते ही जाना है इसे
और सवार हो जाना है
हवा के महीन परों पर
उसकी धवल धार
है कण कण का विस्तार
गिरते जाना है ऊँचाइयों से..
सख्त चट्टानों की सख्त छातियों पर
झर-झर झरझराता नाद ही
गिर कर जब उठ खड़ा होगा
अपनी वही पुरानी धार ले कर
फेनिल ही काया है इसकी
मस्ती में फिर से बहेगा
पतन की यादों को झाड़ कर
टूट कर बिखरना,
बिखर कर फिर जुड़ना
साहस और सामर्थ्य है इसका
वन प्रान्तर में उसकी गूँज होंगी मौजूद
झरना इरझराता हो
जैसे अब भी
गाता है, आता है
जीवन का मधुमय संगीत लेकर
रामनारायण सोनी
१३.०५.२२
Wednesday, 1 June 2022
अधूरी कहानी वैताल सी
Tuesday, 31 May 2022
क्यों लिखता हूँ मैं
Saturday, 28 May 2022
उठो भी!
Thursday, 12 May 2022
जीवन की चादर
झरना झराता है
Tuesday, 10 May 2022
मधुपरी का मधुच्छन्दा गान
प्रज्ञान
दिल भी क्या दिल है
जो धड़कना नहीं जानता
वह आँख भी कोई आँख है
जो फड़कना नहीं जानती
उस कान को भी कान कैसे कहें
जो उनके मौन को न सुन सके
वे रोंएँ तो तन की जमीन पर
बेजान उगी हुई तृणें हैं
जो रोमांचित होना नहीं जानती
वे यादें सब मरी मरी सी हैं
जो मन मस्तिष्क के आकाश में
बिजली सी गरजती और कौंधती नहीं
ये नजरें भी बस
काँच की निरी गोलियाँ सी ही हैं
अगर ये खाली कैनवास पर भी
तुम्हें नहीं देख सके
वह प्रज्ञा ही तो है
जो हजारों आहटों में से
उसके हल्की सी पदचाप को भी
साफ साफ सुन लेती है
तुम्हें बता दूँ!
कि ये सब एक साथ
मेरे पास हैं, मेरे साथ है,
और मुझ में मौजूद है
इसलिये ही तो मैं..
महसूस करता हूँ पूरी तरह
तुम्हें! हमेशा!!
रामनारायण सोनी
९.५.२२
कृतज्ञता से भर जाऊँ मैं
Monday, 9 May 2022
यादों की महक
ग्रेनाइट की काली सख्त चट्टान पर
पैनी छैनी से खुदी
सुकोमल सुरमई यादें
टटोल लेता हूँ मैं
एकाकीपन के घुप्प अँधेरो में भी
मिट नही सकेंगी कभी यादें ये।
अलबत्ता कतरा कतरा हो कर
बिखर जावेंगी किसी भी दिन
चट्टान के तिलिस्मी जिस्म के संग
उसकी धूल से निकलती वे सदाएँ
पुकारेंगी तुम्हें फिर! फिर!!
कि तुम!!
पिसी मेंहदी, झरे फूल
गुलाबजल सौंधियाती मिट्टी में
रची बसी खुशबू की तरह
अब भी मौजूद हो मुझ में
तुम्हें पता है कि नहीं?
रामनारायण सोनी
०९.०५. २०२२
Thursday, 5 May 2022
प्रीत मेरी
Thursday, 21 April 2022
Tuesday, 19 April 2022
बिखर गए सब सपने
क्या करूँ
मुक्तक
Monday, 18 April 2022
कोविड १९
जर्द पत्तों पर लिखूँ क्या
गत बसन्तों की इबारत।
खण्डहर के ईंट रोड़े
कह रहे उनकी शहादत।।
आज स्वर में भैरवी के
क्यों रुदन की कर्कशा है।
रोशनी के झुरमुटों में
मुर्दनी है, दुर्दशा है।।
इन प्रलय के विषधरों की
मृत्युमय फुँफकार गूँजी।
चढ़ गये शूली निरे जन
कुछ बची ना गाँठ पूँजी।।
कोई कहता यह नियति के
कायदे बस सन्तुलन के।
या कि सौदागर बड़े वो
मौत लिखते हाथ जिनके।।
रामनारायण सोनी
२२।३।२०२०
Friday, 15 April 2022
यादें जाती नहीं
Thursday, 14 April 2022
कोहरों का शहर
फूँस की दीवार
कोई क्या कहेगा?
Tuesday, 15 March 2022
हम तुम
Thursday, 3 March 2022
नेह की वही शपथ
जानता हूँ मैं
जानता हूँ मैं
भूलते भूलते थक गई हो तुम!
और सुस्ताने लगती हो जैसे ही
उस बरगद की शीतल छाँव में
यादों की चुन्नी फुदक फुदक कर
फिर फिर लिपट जाती होगी तुमसे।
हे मृदुले!
बोझिल पलके मुँद जाने के पहले
सिरहाने का वह रेशमी गिलाफ
फुसफुसाने लगता होगा कानों में तुम्हारे
वे अफसाने, तराने।
फिर तो....
वे कसीदे जो गढ़े गये थे
हमारी तुम्हारी बतकही के
टपकने लगते होंगे छौने बन कर
छत से टकरा टकरा कर
वे सपने अलोने-सलोने।
हे विशालाक्षी!
ठिठक-ठिठक जाते होंगे
आतुर आतुर तुम्हारे नयन अब भी
टूटे कवेलुओं और नुकीले पत्थर से
रास्ते के किनारे खड़ी चट्टानों पर
लिखे रह गये हमारे नामों पर
जिनको पढ़ते पढ़ते
गड़ जाता होगा उन पर
तुम्हारा लसलसा मन
हे सुचिते!
उड़ाती होंगी कौओं, सुग्गों और गौरेया को
उन मुंडेरो, मेहराबों, ख़िड़ाकियों पर से
बरबस ही पीट पीट कर तालियाँ
दिखलाया करती भी जिन्हें तुम
उन्हीं की तरह चिटिर पिटिर करते करते
हे शुभे!
चाहा होगा यदा कदा तुमने
सिकुड़ कर शून्य हो जाऊँ मैं
और खो दूँ मेरा अस्तित्व ही,
पर उन आलापों को रोक सकोगी कैसे तुम
जो अम्बर में जमे हुए स्मृति बिम्बों के
नेह मेह से पिघल पिघल कर
नन्ही नन्ही बूँदनियाँ बन
नहला रही होंगी तुम्हें अब भी।
श्रावणी फुहारों सी
जानता हूँ मैं यह और वह सब कि
जिसे भूलते भूलते थक गई हो तुम!
रामनारायण सोनी
३.३.२२
Sunday, 27 February 2022
तुम बिन
Monday, 21 February 2022
एक तू ही तू
ओ मेरे!
परम प्रिय परमात्मा!
देखा है आज मैंने
फिर से एक बार नई नजर से
कुछ अलग ही तरह से
सूर्य की आभा और प्रकाश को
पत्तों के रंग और सुन्दर आकार को
तड़ाग को और तैरती बतखों को
हिमालय और बर्फ में उबलते तप्तकुण्ड को
आकाश को और टँकी आकाशगंगाओं को
महसूस हुआ तू फूल में और खुशबू में
पवन में और प्राणों में
अलग-अलग, विविध-विभिन्न
संच्छिन्न और विच्छिन्न
कहाँ कहाँ और कहाँ नहीं
यत्र तत्र सर्वत्र
मेरे भीतर-बाहर भी
एक तू ही तू! बस तू ही तू!!
रामनारायण सोनी
२२.२.२२
Thursday, 17 February 2022
परमात्मा के अग्रदूत तुम
मैं कृतज्ञ हो लूँ
तुम्हारा सौंदर्य
जिन्दगी के थान का वह टुकड़ा
जब से मुझे मिले तुम
इसे बुना, रंगा और ओढ़ा है हमने
चादर बन कर टँगा है अब
यादों, वादों, इरादों की खूँटियों पर
कभी कभी देखता था इसे
तो कभी तुम्हें भी संग संग
वक्त गुजरता रहा
आईना तब तब का वर्तमान कहता रहा
कभी आनन्द मिला
तो कभी तकलीफें चुभती रही
न हाथ छूटे, न भरोसे ही खूटे
और हम भी कभी कहीं न टूटे
तन मेरा तुम्हारा तपता, गलता गया
जुड़ गए कुछ सिक्के,
और जुड़ते चले गये कुछ मिट्टी के ढेर
प्रिये!
वक्त की सरकती सुइयों संग
तन का सौन्दर्य पतझड़ सा क्षरता गया
मन का सौन्दर्य नवांकुरों सा निखरता गया
तुम्हारे अन्तस का
यह अखूट सौन्दर्य
जमा पूँजी है हमारी ज़िन्दगी की तिजोरी में
और....
देखो! हम कितने अमीर हो गये हैं
देख रहा हूँ मैं अपने अन्तर्चक्षुओं से
तुम्हारे हृदयतल पर खड़े
विशालकाय प्रेम पर्वत को
ऐ मेरे प्रिय!
तुम कितने सुन्दर हो
रामनारायण सोनी
१७.०२.२२
Tuesday, 15 February 2022
मेरी यह कविता
इसे क्या हो गया है यकायक
कि यह
रंगमंच के अनोखे दृश्य के पीछे
नेपथ्य की बुनावट देखने लगी है
श्रृव्य तरंगों के उस पार भी
कुछ कुछ सुनने लगी है
कागज के महीन कैनवास पर
लिपियों से चित्र बनाने लगी है
जाने कैसे
आइने के इस पार, उस पार के
आदमी को देखने, समझने लगी है
कडवे फूलों के पराग से
मधु का सृजन करने लगी है
आओ मेरे प्रिय आत्मन!
इसने तुम्हारी स्वप्न सारिका को
हौंसलों की उड़ान
देना खीख लिया है
नारियल के से कठोर
शब्दों के शल्क में
भावो का मृदुल जल
भरना जान लिया है
हृदय के आलिन्दों से
प्रेम करना सीख लिया है
मेरी यह कविता
सयानी होने लगी है।
रामनारायण सोनी
१६.०२.२२
गाओ दिल, अपने ही गीत
सुन!
ऐ मेरे दिल!!
एक लम्बी उम्र गुजार दी है तुमने
लोगों की बातें
और संगीत सुनने में
खोये भी रहे
उन महफ़िलों में, वादियों में, लयों में
वक्त पुकारता है अब तुम्हें
कि लिखो अपने गीत
गाओ और गुनगुनाओ अपने ही
गीत-संगीत
गीत इस जी हुई जिन्दगी के
संगीत अपने ही मचलते मिजाज का
रामनारायण सोनी
२१.१२. २०२२
काली कलूटी रात
Monday, 14 February 2022
बिन तुम्हारे क्या करूँगा
Sunday, 13 February 2022
जिन्दगी जिये जा रही है
जीत-हार
एक बूँद का महाकाव्य
धरा का श्रृंगार
मुझे तुम्हारा हृदय होना है
ए पुष्प!
तुम्हारे हृदयकोष को
बनाया है परमात्मा ने
जगत में परागण के
निस्तार और संचार के लिये
मुझे. . .
मुझे तुम्हारा हृदय होना है
रामनारायण सोनी
०५.०२.२०२२
रसो वै सः
मैं व्यर्थ ही में
अर्थ ढूँढता रहा
मौसम के मिजाज में
पवन के स्पर्श में
भूरे बादलों की नमी में
शाखों पर उभरती कोंपलों में
वेणु के स्वर रंध्रों में
परन्तु
मेरे प्रियतम!
तुम तो...
स्पंदित मिले
मेरे हृदय की वीथियों में
रमे हुये पोर पोर में
आच्छादित रस ग्रन्थियों में
प्रवाहित होते कण कण में
उच्छवास में, निःश्वास में
श्वास में, प्रश्वास में
कौंध जाते हो प्रिय
फिर तो...
विस्तार पा जाते हो तुम
अन्तस के आकाश से
बाहर के निस्सीम संसार तक
मौसम के निजाज में,
पवन के स्पर्श में,
बादलों की नमी में
नवाङ्कुरित कोपलों में
वेणु के अनुनाद में
व्यष्टि से समष्टि तक
तुम ही तुम, बस
रामनारायण सोनी
१३.०२.२२
Saturday, 5 February 2022
परागण
Friday, 4 February 2022
अपना आशियाना
तुम आये ऐसे!
पुकार के वे मेरे शब्द
बिखर गये अंतरिक्ष में
तुम्हें बिना छुए ही
तब मैंने
मन ही बिछा दिया था
तुम्हारे आगम पथ पर
बुझे बुझे नयन में
कितनी ज्योति जगी
भींगे भींगे बयन में
कैसी आस जगी
एकाकी मेरे जीवन में
तुम आये ऐसे कि फिर
कभी गए नहीं
रामनारायण सोनी
३.२.२०२२