Tuesday, 15 March 2022
हम तुम
Thursday, 3 March 2022
नेह की वही शपथ
जानता हूँ मैं
जानता हूँ मैं
भूलते भूलते थक गई हो तुम!
और सुस्ताने लगती हो जैसे ही
उस बरगद की शीतल छाँव में
यादों की चुन्नी फुदक फुदक कर
फिर फिर लिपट जाती होगी तुमसे।
हे मृदुले!
बोझिल पलके मुँद जाने के पहले
सिरहाने का वह रेशमी गिलाफ
फुसफुसाने लगता होगा कानों में तुम्हारे
वे अफसाने, तराने।
फिर तो....
वे कसीदे जो गढ़े गये थे
हमारी तुम्हारी बतकही के
टपकने लगते होंगे छौने बन कर
छत से टकरा टकरा कर
वे सपने अलोने-सलोने।
हे विशालाक्षी!
ठिठक-ठिठक जाते होंगे
आतुर आतुर तुम्हारे नयन अब भी
टूटे कवेलुओं और नुकीले पत्थर से
रास्ते के किनारे खड़ी चट्टानों पर
लिखे रह गये हमारे नामों पर
जिनको पढ़ते पढ़ते
गड़ जाता होगा उन पर
तुम्हारा लसलसा मन
हे सुचिते!
उड़ाती होंगी कौओं, सुग्गों और गौरेया को
उन मुंडेरो, मेहराबों, ख़िड़ाकियों पर से
बरबस ही पीट पीट कर तालियाँ
दिखलाया करती भी जिन्हें तुम
उन्हीं की तरह चिटिर पिटिर करते करते
हे शुभे!
चाहा होगा यदा कदा तुमने
सिकुड़ कर शून्य हो जाऊँ मैं
और खो दूँ मेरा अस्तित्व ही,
पर उन आलापों को रोक सकोगी कैसे तुम
जो अम्बर में जमे हुए स्मृति बिम्बों के
नेह मेह से पिघल पिघल कर
नन्ही नन्ही बूँदनियाँ बन
नहला रही होंगी तुम्हें अब भी।
श्रावणी फुहारों सी
जानता हूँ मैं यह और वह सब कि
जिसे भूलते भूलते थक गई हो तुम!
रामनारायण सोनी
३.३.२२